नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना से उत्तराखंड में फूटा गुस्सा

चंपावत

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना से उत्तराखंड में फूटा गुस्सा

चंपावत में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना व प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध के विरोध में गुरुवार को उत्तराखंड के कई शहरों प्रदर्शन हुए। राजधानी देहरादून के लैंसडौन चौक के पास सुराज सेवा दल कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

श्रीनगर में भी स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। गुरुवार को पीपलचौरी के समीप एकत्र हुए लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों को फांसी की सजा देने तथा प्रदेश में लगातार बढ़ रही महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। इस दौरान पीपलचौरी से गोला पार्क तक आक्रोश रैली भी निकाली गई। रैली में शामिल लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर महिला सुरक्षा और न्याय की मांग उठाई। यह रैली जस्टिस फॉर अंकिता भंडारी कमेटी के बैनर तले आयोजित की गई। गोला पार्क में आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं देवभूमि की छवि को धूमिल कर रही हैं। प्रदर्शन में सरस्वती देवी, मुकेश सेमवाल, मोनिका, प्रिया, दीप्ति देवी, लक्ष्मी भट्ट, सीमा, ओमकार, बीना सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।