रुद्रप्रयाग
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से युवक की दर्दनाक मौत
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया. सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक नेपाली मूल का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल बड़ा एक्शन लेते हुए संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर लगी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया.
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और यात्रा मार्ग पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक पहाड़ी से तेज गर्जना के साथ बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिससे आसपास मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे. बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब क्षेत्र में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी. अचानक ऊपर से गिरे पत्थरों ने कई दुकानों और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.
एक घंटे तक यात्रा रोकी
घटना के बाद पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जिस स्थान से पत्थर गिरा वहां पहाड़ी पर लूज चट्टानें होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर ढीले पत्थरों को हटाने का कार्य कराया। इस दौरान एहतियातन लगभग एक घंटे तक यात्रा संचालन रोक दिया गया, जिसके बाद मार्ग को पुनः सुचारु किया गया।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न रुकें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. साथ ही मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. वहीं घटना में उमेद सिंह नेगी (उम्र 48) ग्राम बड़ेट की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि बम बहादुर (उम्र 42) निवासी नेपाल घायल हो गया.
