उत्तरकाशी
उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, 2 की मौत
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में शुक्रवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगनानी के पास पंजाब नंबर प्लेट वाली एक कार बेकाबू होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना रात करीब 8:08 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने कार को खाई में गिरते देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रशासन और राहत एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
हादसे के बाद सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने खाई में वाहन गिरा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत दल ने रस्सियों के सहारे गहरी खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल पर तीन एम्बुलेंस भी तैनात रहीं। घायलों को उत्तरकाशी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, कार (PB 01F 1733) में कुल पांच लोग सवार थे. हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. घायलों में एक महिला भी शामिल है. बताया जा रहा है कि एक घायल के सिर में गंभीर चोट आई है, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही प्राथमिक सहायता प्रदान की गई. फिलहाल प्रशासन और पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे का असली कारण पता चल पाएगा.
