जिलाधिकारी के जनता दरबार में 51 शिकायतों पर सुनवाई, पेयजल-अतिक्रमण-मुआवजा रहे मुख्य मुद्दे

टिहरी

जिलाधिकारी के जनता दरबार में 51 शिकायतों पर सुनवाई, पेयजल-अतिक्रमण-मुआवजा रहे मुख्य मुद्दे

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 51 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, मुआवजा, आपदा, अतिक्रमण और सड़क से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण के आदेश दिए।

प्रमुख शिकायतें और कार्रवाई

1. अवैध कब्जा व गाली-गलौज की शिकायत
नई टिहरी सी-ब्लॉक टाइप-3 की बीना सजवाण व अन्य महिलाओं ने नजदीकी आश्रम द्वारा सड़क पर अवैध कब्जा करने, कूड़ा फेंकने और गाली-गलौज करने की शिकायत की। DM ने पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

2. पेयजल संकट
जाखणीधार के ग्राम करास निवासियों ने बताया कि गांव में पेयजल संचालन ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है, जिससे किल्लत हो रही है। इस पर DM ने पेयजल व्यवस्था सुधारने और संचालन विभाग को सौंपने की बात कही। विकासखण्ड जौनपुर के ग्राम बंगसील की पूजा देवी की पेयजल समस्या पर जल संस्थान को कार्रवाई कर SDM धनोल्टी के माध्यम से रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

3. मुआवजा व निर्माण संबंधी मांगें
जाख-कुट्ठा मोटर मार्ग निर्माण के प्रतिकर की मांग पर लोनिवि बौराड़ी को कार्रवाई के निर्देश दिए। चंबा-पुरानी टिहरी रोड ग्राम पुरषोल निवासी हरिदास ने घर के पास सुरक्षा दीवार की मांग की, जिसकी जांच कर रिपोर्ट देने को लोनिवि चम्बा से कहा गया। चंबा के नागणी निवासी गुरु प्रसाद उबराल की सड़क कटान में पेड़ों के मुआवजे की शिकायत पर लोनिवि चम्बा ने बताया कि शासन से धनराशि प्राप्त हो चुकी है और भुगतान प्रक्रिया गतिमान है।

4. अतिक्रमण की शिकायत
नई टिहरी बौराड़ी निवासी ध्यान सिंह नेगी ने घर के सामने बने पार्क व रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर तहसीलदार टिहरी को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयान्तर्गत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।