टिहरी
सुरकंडा देवी मंदिर पार्किंग निर्माण धीमा, DM नितिका खण्डेलवाल ने जताई नाराजगी, 1 हफ्ते में मांगी कार्ययोजना
मां सुरकंडा देवी मंदिर के पास बन रही बहुस्तरीय पार्किंग का काम निर्धारित रफ्तार से न होने पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सख्त रुख अपनाया है। DM ने कद्दूखाल स्थित निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
सिर्फ 20% काम पूरा, 12 मजदूर ही मौके पर
निरीक्षण के दौरान DM को बताया गया कि 834.89 लाख रुपये की लागत से बन रही इस पार्किंग की अनुबंधित लागत 794.28 लाख रुपये है। इसमें 106 वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी और इसे 14 नवम्बर 2026 तक पूरा किया जाना है।
लेकिन मौके पर केवल 12 श्रमिक ही कार्य करते पाए गए। परियोजना की भौतिक प्रगति अभी लगभग 20 प्रतिशत ही है। DM ने इसे तय समयसीमा के अनुसार संतोषजनक नहीं माना।
DM के कड़े निर्देश
1. तेज करें काम: कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
2. जवाबदेही तय: अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ को ठेकेदार से देरी का कारण बताते हुए विस्तृत आख्या लेने को कहा।
3. 1 हफ्ते की डेडलाइन: अगले 6 माह की चरणबद्ध कार्ययोजना और मासिक प्रगति रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के आदेश।
4. गुणवत्ता से समझौता नहीं: निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने और लापरवाही पर ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी।
5. पाक्षिक मॉनिटरिंग: जिला पर्यटन विकास अधिकारी को हर 15 दिन में परियोजना की प्रगति रिपोर्ट DM कार्यालय को भेजने को कहा।
धार्मिक पर्यटन के लिए जरूरी परियोजना
DM नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि सुरकंडा देवी मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र का यातायात प्रबंधन सुधरेगा।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि यह परियोजना प्राथमिकता की है, इसलिए इसे समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
