टिहरी: काण्डा में विधिक जागरूकता शिविर, राहवीर योजना और निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी
माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुसार ग्राम काण्डा, विकासखण्ड चम्बा में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
राजीव गाँधी सेवा केंद्र काण्डा में आयोजित शिविर में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दयाराम ने ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि जरूरतमंद नागरिक नालसा हेल्पलाइन टोल फ्री नम्बर 15100 व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान” के तहत मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
शिविर में स्थायी लोक अदालत टिहरी गढ़वाल के वरिष्ठ सदस्य श्री लक्ष्मी प्रसाद उनियाल ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने बताया कि कैसे आमजन छोटे-छोटे वादों का त्वरित निस्तारण लोक अदालत से करा सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां ने केंद्र सरकार की राहवीर योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना के बाद “गोल्डन ऑवर” में घायल को अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार राशि व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र एवं कवि श्री सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने नशे के दुष्परिणामों पर अपनी स्वरचित कविता का वाचन कर ग्रामीणों को नशा न करने की शपथ दिलाई।
शिविर में ग्राम प्रधान काण्डा श्रीमती बबीता पुंडीर, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अंजना राणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
