टिहरी
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
जिलाधिकारी कार्यालय नई टिहरी में धरना-प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई एवं परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की उठाई मांग
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के नेतृत्व में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर बेरोजगार युवाओं एवं छात्र-छात्राओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज एवं बल प्रयोग के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय, नई टिहरी में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन प्रेषित कर घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे कथित अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने कहा कि आज देश का युवा अपने अधिकारों, रोजगार और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन उसकी आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि 21 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हजारों बेरोजगार युवा एवं छात्र-छात्राएं नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं एवं बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस का आरोप है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय प्रदर्शनकारियों पर कथित रूप से बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया गया, जिसमें अनेक युवक-युवतियां घायल हुए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संविधान द्वारा प्रदत्त शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार के विपरीत है।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार युवा विरोधी एवं छात्र विरोधी नीतियों पर कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में लगातार सामने आ रहे प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में नकल माफिया का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
कांग्रेस नेता नरेंद्र चंद्र रमोला ओर सूरज राणा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सदन से लेकर सड़क तक छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का आह्वान किया तथा प्रधानमंत्री आवास की ओर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन कर गिरफ्तारी भी दी।
प्रदेश कांग्रेस सचिव सैयद मुशर्रफ अली ओर महिला कांग्रेस कि जिला अध्यक्ष आशा रावत ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं द्वारा दिया गया यह संघर्ष और गिरफ्तारी लोकतंत्र के इतिहास में दर्ज होगी।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की दमनकारी एवं लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस जनपद से लेकर प्रदेश और पूरे देश में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। जब तक देश के युवाओं को निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करती रहेगी।
महामहिम राष्ट्रपति के नाम भेजे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग एवं लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रश्नपत्र लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र एवं कठोर दंड दिया जाए।
इसके साथ ही कांग्रेस ने देश की परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष, सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने, लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन के अंत में कांग्रेस ने विश्वास व्यक्त किया कि महामहिम राष्ट्रपति युवाओं के भविष्य, संविधान की गरिमा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा हेतु केंद्र सरकार को आवश्यक एवं प्रभावी कदम उठाने के लिए निर्देशित करेंगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, सूरज राणा, नरेंद्र चंद रमोला, शोभन सिंह नेगी, सैयद मुशर्रफ अली, कुलदीप पंवार, देवेंद्र नौटियाल, मुर्तजा बेग, नवीन सेमवाल, गबर सिंह, मान सिंह रौतेला, विजय गुनसोला, विजय पाल रावत, विजेंद्र नेगी, मखलोगा जी, रोशन नौटियाल, दिलशाद शेख, इमरान खान, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, सीमा कृसाली, दर्शनी रावत, ममता उनियाल, अनीता रावत, अनीता साह, साहब सिंह सजवाण ज्ञान सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन में भाग लिया तथा ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर युवाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपने संकल्प को दोहराया।

