UTU पेपर लीक: प्रोफेसर बर्खास्त, 7 साल का बैन, दो इंजीनियरिंग पेपर रद्द

देहरादून:

UTU पेपर लीक: प्रोफेसर बर्खास्त, 7 साल का बैन, दो इंजीनियरिंग पेपर रद्द

व्हाट्सऐप पर भेजे थे सवाल, अगस्त के तीसरे सप्ताह में होगी दोबारा परीक्षा, FIR की तैयारी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड से भी पेपर लीक का मामला सामने आया है। उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (UTU) में बीटेक के दो पेपर लीक होने के बाद हड़कंप मच गया है।

क्या है मामला
UTU की इंजीनियरिंग शाखा के दो विषय `Machine Learning for Internet of Things` और `Electromagnetic Field Theory` के प्रश्नपत्र लीक हो गए। आरोप है कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने पेपर सेटर होते हुए परीक्षा से पहले मिलते जुलते सवाल छात्रों के व्हाट्सऐप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर साझा कर दिए। इसके बाद विवि ने दोनों विषयों की परीक्षा तत्काल रद्द कर दी।

हुई बड़ी कार्रवाई

1. सेवा समाप्त: शिवालिक कॉलेज के निदेशक प्रो. टीएस सिद्धू ने बताया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रो. आशीष कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। पहले इन्हें कारण बताओ नोटिस देकर इंक्रीमेंट रोका गया था।

2. 7 साल का प्रतिबंध: UTU ने आरोपी शिक्षक को 7 साल के लिए विवि की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया है।

3. FIR होगी दर्ज: कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि मामले में कानूनी राय ली जा रही है और जल्द FIR दर्ज कराई जाएगी।

आगे क्या
जांच में संलिप्त पाए गए सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है। रद्द की गई दोनों परीक्षाएं अब अगस्त के तीसरे सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी। विवि प्रशासन ने दोहराया कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।