टिहरी
देवप्रयाग: बदरीनाथ हाईवे पर विधायक विनोद कंडारी की कार को मारी टक्कर, हल्की चोटें, सुरक्षित
सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीर्तिनगर पुल के समीप उफल्डा के पास देवप्रयाग के भाजपा विधायक विनोद कंडारी का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, विधायक विनोद कंडारी सोमवार सुबह अपने वाहन से श्रीनगर से कीर्तिनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बदरीनाथ हाईवे पर उफल्डा के पास विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक अन्य वाहन ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में विधायक विनोद कंडारी को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात है कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे की सूचना मिलते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली है।
प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण दूसरे वाहन का गलत दिशा में आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है, ऐसे में रॉन्ग साइड ड्राइविंग से इस तरह के हादसे बढ़ रहे हैं।
