
टिहरी
टिहरी: अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर मनाया गया दीपोत्सव
भाजपा की ओर से अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत नगर में स्थित अंबेडकर पार्क में दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया। भाजपा टिहरी जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि भाजपा अंत्योदय से राष्ट्रोदय का सपना साकार करने में जुटी है। जिसमें बाबा साहब के विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके।
रविवार की शाम को डा. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में एकत्रित हुए। जहां भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती पर 51 दीपोत्सव के साथ उन्हे श्रद्धाजंलि अर्पित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष उदय । ने भाजपा की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान को उनके विचारों और कृतियों को जन-जन तक पहुंचाने का अद्वितीय माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की सरकारें अंत्योदय से राष्ट्रोदय के सिद्धांत पर काम कर रही है। आजादी के बाद प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ऐसी पहली सरकार है, जिसने दलित और पिछड़ों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। वहीं प्रदेश की धामी सरकार ने भी बाबा साहब के समाज में बराबरी के सिद्धांत आधारित यूसीसी लागू कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है। कहा कि जनसंघ से लेकर आज तक भाजपा की विचारधारा सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता पर ही आधारित रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ध्येय था कि अंतिम पायदान पर बैठा व्यक्ति जब सत्ता के सिंहासन पर बैठेगा, तभी अंत्योदय से राष्ट्रोदय का स्वप्न साकार होगा। कहा कि पहले रामनाथ कोविंद और फिर द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति पद पर आसीन होना, उनके अंत्योदय के स्वप्न के साकार होने का प्रतीक है। बाबा साहेब ने अपने विचारों, ज्ञान और धैर्य से देश को नई दिशा प्रदान की। समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए उनका संघर्ष हर पीढ़ी के लिए एक मिसाल है। उन्होंने जाति प्रथा के खिलाफ मजबूत आवाज उठाई थी। जिसके लिए देशवासी सदैव उनके प्रति कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में न्याय, स्वतंत्रता, समानता भारतीय गणराज्य के मूल स्तंभ को रखा। बाबा साहब ने ऐसे भारत की परिकल्पना की जिसमें सभी वर्गों को समान अधिकार,समान अवसर और समान गरिमा प्राप्त हो। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, जाखणीधार की ब्लाक प्रशासक सुनीता देवी,जिला मीडिया प्रभारी डा. प्रमाेद उनियाल, रवि कुमार, पंकज बरवाण,तौफीक अहमद, शांति खंडूरी, विजय उनियाल, मानवेंद्र रावत आदि उपस्थित थे।