दून अस्पताल के 189 उपनल कर्मचारी हड़ताल पर, व्यवस्थाएं चरमराई, मरीजों की लगी लंबी कतारें

उत्तराखण्ड

दून अस्पताल के 189 उपनल कर्मचारी हड़ताल पर, व्यवस्थाएं चरमराई, मरीजों की लगी लंबी कतारें

राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दून अस्पताल के 189 उपनल कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं। नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर चार कैडर के कर्मचारी कामकाज छोड़कर हड़ताल पर चले गए हैं। अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कर्मचारियों का रोस्टर बदला है लेकिन व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई दिखी। विभिन्न विभागों में तैनात करीब 22 हजार उपनल कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल की 58 नर्सें, 108 सफाईकर्मी, 20 क्लर्क और तीन फार्मासिस्ट हड़ताल में शामिल हैं। अस्पताल के क्लर्क की संख्या कम है, ऐसे में एक साथ 20 क्लर्क के हड़ताल पर जाने से बिलिंग और पंजीकरण की व्यवस्थाएं बिगड़ गई है।

प्रदेश के सबसे बड़े दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार सुबह से ही मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखने को मिली. पंजीकरण और बिलिंग काउंटरों पर लंबी कतारें नजर आईं, जो सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक थीं.

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं पर असर न पड़े इसके लिए अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी इधर से उधर की गई है, लेकिन अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ है। ऐसे में उपनल कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।

Epostlive.com