
टिहरी-
टिहरी बांध: पहली बार पंप स्टोरेज प्लांट के निर्माण से देश को मिलेगी एक हजार मेगावाट बिजली।

टिहरी बांध परियोजना 2400 मेगावाट की है, जिसमें से एक हजार मेगावाट मुख्य बांध और 400 मेगावाट कोटेश्वर बांध से बिजली उत्पादन हो रहा है। टिहरी बांध परियोजना दिसंबर 2022 तक अपनी क्षमता के अनुरूप बिजली उत्पादन शुरू कर देगी। टीएचडीसी की द्वितीय चरण की एक हजार मेगावाट की पीएसपी (पंप स्टोरेज प्लांट) का निर्माण अंतिम दौर में है।भूमिगत इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण पूरा होने से देश की ऊर्जा जरूरतें पूरी होने के साथ ही टीएचडीसी के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ जाएगी। इससे जहां एक हजार मेगावाट बिजली उत्पादन होगा वहीं स्थानीय लोगों को लाभ होगा। बिजली उत्पादन से मिलने वाले राजस्व की दो फीसदी धनराशि सीएसआर मद से बांध प्रभावित क्षेत्र के विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी। पंप स्टोरेज परियोजना देश की पहली परियोजना होगी, जिससे 1000 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाएगा।
टिहरी
टिहरी झील तैरकर पर करने वाले पिता-पुत्रों को राज्य स्थापना दिवस पर किया जाएगा सम्मानित।

टिहरी में पिछले माह प्रताप नगर निवासी पिता और उसके दो बेटों ने टिहरी झील में तैराकी कर इतिहास रच जिले का नाम रोशन किया है। इस साहसिक कार्यों के लिए पिता और बेटों को जिला प्रशासन की ओर से 9 नवंबर राज्य स्थापना दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। वहीं एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम में 50 लोगों को शामिल किया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार की उपस्थिति में टिहरी झील में बचाव अभियान का प्रदर्शन किया। इस दौरान दो डूबते हुए व्यक्तियों को एसडीआरएफ की टीम ने डूबने से बचाया। SDRF की रेस्क्यू टीम को स्पीड मोटर बोट दी गई है।
टिहरी-पुरानी पेंशन बहाली
सचिवालय घेराव की बनाई गई रणनीति।

सचिवालय घेराव रैली में अधिकाधिक संख्या में करें शिरकत
पुरानी पेंशन बहाली को राष्ट्रीय अभियान की बैठक में 15 नवंबर को सचिवालय घेराव को लेकर रणनीति बनाई गई। उन्होंने इसके लिए कर्मियों को ब्लॉकवार संयोजक का दायित्व भी सौंपे।
पुरानी पेंशन बहाली अभियान के जिलाध्यक्ष पूरण सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान अभियान के राष्टीय अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। ऐसे में 15 नवंबर को होने सचिवालय घेराव कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भागीदारी करनी चाहिए। जिलाध्यक्ष ने बताया को रैली के लिए लंबगांव इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजसपाल सिंह रावत को मुख्य संयोजक बनाया गया है। जबकि जिला मुख्यालय से प्रमोद नेगी, चंबा ब्लॉक से अरविंद कोठियाल, थौलधार ओमप्रकाश डबराल, भिलंगना करण सिंह, प्रतापनगर गिरीश बगियाल, जाखणीधार आशीष जोशी, नरेंद्रनगर सुधाकांत गैरोला को रैली हेतु परिवहन व्यवस्था के लिए संयोजक नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड
उत्तराखंड की पांच हस्तियों को दिए गए पद्म पुरस्कार, राष्ट्रपति कोविंद ने किया सम्मानित।

उत्तराखंड की पांच प्रमुख हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा गया। आज सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद हैस्को प्रमुख पर्यावरणविद डॉ.अनिल प्रकाश जोशी को पद्मभूषण, जबकि पर्यावरणविद कल्याण सिंह और डॉ.योगी एरन को पद्श्री सम्मान देकर सम्मानित किया। इसके अलावा मंगलवार को चिकित्सा क्षेत्र में डॉ.भूपेंद्र कुमार सिंह और किसान प्रेम चंद शर्मा को पद्श्री सम्मान देकर सम्मानित करेंगे।
चारधाम
चारधाम यात्रा 2021: डेढ़ लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने किए बदरीनाथ के दर्शन, 20 को बंद होंगे कपाट।

बदरीनाथ धाम के कपाट 20 नवंबर को बंद होंगे। अभी तक 1,54670 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। इन दिनों कड़ाके की ठंड के बावजूद धाम में तीर्थयात्रियों का हुजूम उमड़ रहा है। रविवार को 1746 तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए।कोविड को देखते हुए बीते 17 सितंबर को सीमित संख्या के साथ तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम के दर्शनों की अनुमति दी गई थी। पांच अक्तूबर को छूट मिलने के बाद भारी तादात में तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंचने लगे। इन दिनों प्रतिदिन हजारों तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ धाम के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या डेढ़ लाख के पार पहुंच गई है।
T20 वर्ल्डकप
9 साल में पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नहीं पहुंची टीम इंडिया।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक भी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत पाए। टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद एकदिवसीय और टी-20 प्रारूप से टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ने का एलान कर चुके विराट के लिए इस बार ट्रॉफी जीतने का आखिरी मौका था, लेकिन वह भी उनके हाथ से निकल गया। रन मशीन के नाम से मशहूर विराट कोहली ने वैसे तो अपनी कप्तानी में कई उपलब्धियां हासिल की लेकिन वर्ल्ड कप जीतने का उनका सपना सिर्फ सपना बनकर ही रह गया। कोच रवि शास्त्री और तीन आईसीसी टूर्नामेंट जीतने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह के मार्गदर्शन के बावजूद विराट और उनकी टीम ने निराश किया। भारतीय टीम संयुक्त अरब अमीरात में चल रही टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर 12 स्टेज में ही सिमटकर रह गई। टूर्नामेंट के सबसे आसान माने जा रहे ग्रुप बी में भी वह अपनी छवि के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी।
भारतीय टीम को अब सोमवार को नामीबिया के खिलाफ सिर्फ एक औपचारिक मैच ही खेलना है।क्योंकि टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है।
विदेश
नया कानून : अबू धाबी में अब गैर मुस्लिम भी अपने रीति-रिवाजों से कर सकेंगे शादी।

मुस्लिम बहुल्य राष्ट्र संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे गैर मुस्लिम लोगों के लिए वहां की सरकार ने खुशखबरी दी है। नए आदेश के अनुसार मुस्लिम से अलग धर्म के लोग अपने रीति-रिवाज से शादी कर सकेंगे। इसके लिए यूएई एक कानून लेकर आ रहा है।
स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक अबू धाबी में रह रहे गैर मुस्लिमों को अब नए नागरिक कानून के तहत शादी, तलाक और बच्चे को गोद लेने की अनुमति दी जाएगी। अभी तक इस प्रमुख खाड़ी देश में शरिया कानून के तहत ही शादी की जा सकती थी।
अंतरिक्ष
सितारों की दुनिया: समकोण ग्रहों वाले सौरमंडल ने किया खगोलविदों को हैरान।
पृथ्वी से 150 प्रकाश वर्ष दूर अनूठी खोज

आमतौर पर अंतरिक्ष मे दूसरे सौरमंडल कई आकार और रूप में नजर आते हैं। कुछ में बहुत सारे ग्रह हैं तो कुछ में बहुत बड़े ग्रह और कुछ में तो ग्रह नहीं भी होते। लेकिन धरती से 150 प्रकाश वर्ष दूर मिले एक सौरमंडल ने खगोल विज्ञानियों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
साल 2016 में तारे एचडी3167 का चक्कर लगाते दो ग्रहों की खोज हुई थी। अनुमान था कि यह ग्रह पृथ्वी से बड़े हैं और तारे का चक्कर करीब 31 दिन में लगाते हैं। 2017 में इसी मंडल के तीसरे ग्रह की खोज हुई जो 8 दिन में परिक्रमा करता है। मंडल के दो बाहरी ग्रहों एचडी 3167 सी और डी के बारे में विलक्षण जानकारी मिली कि इनका झुकाव अस्वाभाविक है।
हमारे सौरमंडल में सभी ग्रह सूरज के मध्य क्षेत्र पर परिक्रमा करते हैं। लेकिन यह दो ग्रह अपने तारे के ध्रुवों की परिक्रमा करते मिले। यह हमारी तरह तारे की भूमध्य रेखा के बजाय ध्रुवों की दिशाओं में घूम रहे थे। इस मंडल का तीसरा ग्रह एचडी3167बी तो और भी अनूठा निकला। इस अंदरूनी ग्रह का परिक्रमा पथ बाकी दो ग्रहों से नहीं मिलता। यह बाकी दोनों ग्रहों के परपेंडिकुलर या कहें लंबवत परिक्रमा कर रहा है।
शिक्षा
इस दिन जारी होंगे सीबीएसई कक्षा 10वीं, 12वीं की टर्म-1 परीक्षाओं के प्रवेश-पत्र।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कक्षा 10वीं और 12वीं कक्षा-1 की बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड मंगलवार, 09 नवंबर को जारी किए जाएंगे। कक्षा 10वीं बोर्ड टर्म-1 की परीक्षाएं 30 नवंबर से शुरू होंगी, जबकि कक्षा 12वीं बोर्ड की टर्म- की बोर्ड परीक्षाएं 01 दिसंबर से शुरू होंगी। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे। सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। नोटिस के अनुसार, प्रैक्टिकल, इंटरनल असेसमेंट और प्रोजेक्ट वर्क के अंक 23 दिसंबर तक सीबीएसई लिंक पर जमा करने होंगे। यदि नियत तारीख तक इंटनरल मार्क्स अपलोड नहीं किए जाते हैं, तो बोर्ड बिना विचार किए छात्रों के परिणाम घोषित करेगा।
शख्सियत
डॉ कमल रणदिवे की 104वीं जयंती।
गूगल ने बनाया Doodle
कैंसर जैसी बीमारी पर अनुसन्धान के लिए जानी जाती हैं कमल रणदिवे।

Google आज डूडल बनाकर भारतीय सेल जीवविज्ञानी डॉ कमल रणदिवे का 104 वां जन्मदिन मना रहा है। रणदिवे को उनके अभूतपूर्व कैंसर अनुसंधान और विज्ञान और शिक्षा के माध्यम से एक अधिक न्यायसंगत समाज बनाने के लिए जाना जाता है। आज का डूडल भारत के गेस्ट आर्टिस्ट इब्राहिम रयिन्ताकथ द्वारा बनाया गया है। आज के डूडल के लिए अपनी प्रेरणा के बारे में बात करते हुए, रयिन्ताकथ ने कहा: “मेरी प्रेरणा का मुख्य स्रोत 20 वीं शताब्दी की लैब अस्थेटिक्स और कुष्ठ व कैंसर से संबंधित कोशिकाओं की सूक्ष्म दुनिया थी।” उनके द्वारा बनाए गए डूडल में डॉ रणदिवे एक माइक्रोस्कोप को देख रही हैं।
कमल समरथ, जिन्हें डॉक्टर कमल रणदिवे के नाम से जाना जाता है, का जन्म आज ही के दिन 1917 में पुणे, भारत में हुआ था। उनके पिता ने मेडिकल एजुकेशन के लिए उन्हें प्ररित किया। कमल के पिता दिनकर पुणे के फर्गसन कॉलेज में एक जीवविज्ञान के प्रोफेसर हुआ करते थे। उनका उद्देश्य था कि घर के सभी बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा मिले खासकर बेटियों को। कमल अपने पिता की उमीदों पर एकदम खरी उतरीं। उन्होंने जीवन की हर परीक्षा अच्छे अंकों से पास की। कमल हमेशा कुछ नया सीखती और उसमें अच्छा कर के दिखातीं। वह भारतीय महिला वैज्ञानिक संघ (IWSA) की प्रमुख संस्थापक सदस्य भी थीं। डॉ कमल जयसिंह रणदिवे को पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था।

आठ नवंबर का दिन देश की अर्थव्यवस्था के इतिहास में एक खास दिन के तौर पर दर्ज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में इसी दिन रात आठ बजे दूरदर्शन के जरिए देश को संबोधित करते हुए 500 रुपए और 1000 रुपए के नोट बंद करने का ऐलान किया था।
1927 : देश के अनुभवी राजनीतिज्ञों में शुमार लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म। सिंध प्रांत (अब पाकिस्तान) के कराची शहर में एक सिंधी हिंदू परिवार में पैदा हुए लाल कृष्ण आडवाणी, अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में देश के गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री रहे।
1967-बीबीसी का पहला स्थानीय रेडियो स्टेशन (बीबीसी रेडियो लीसेस्टर) शुरू किया गया है।
आज का सुविचार
इस अफ़सोस के साथ न उठो कि कल आप क्या नहीं कर पाए, बल्कि इस सोच के साथ उठो कि आज आप क्या कर सकते हो…