10वीं बोर्ड एग्जाम में फर्जी प्रवेशपत्र बनाकर परीक्षा दिलाने के मामले में प्रधानाचार्य गिरफ्तार

उत्तराखंड

10वीं बोर्ड एग्जाम में फर्जी प्रवेशपत्र बनाकर परीक्षा दिलाने के मामले में प्रधानाचार्य गिरफ्तार

रानीपुर पुलिस ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जी प्रवेशपत्र बनाकर छात्रा से परीक्षा दिलाने के आरोप में एक प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया है। उसने ट्यूशन पढ़ने वाली छात्रा के परिजनों से रुपये लेकर पास कराने का झांसा दिया था। आरोपी ने छात्रा का फर्जी प्रवेशपत्र तैयार कराया और उसके स्थान पर दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलवा दी। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया।

रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा के अनुसार, आरोपी ने आठ से 12 हजार रुपये लेकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराए और असली छात्रों की जगह दूसरे परीक्षार्थियों को बैठाया। बता दें कि 24 फरवरी को उत्तराखंड बोर्ड की कक्षा दस की हिंदी की परीक्षा के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर में चार छात्र और चार छात्राएं संदिग्ध मिले।

जांच में सामने आया कि ये सभी वास्तविक परीक्षार्थी नहीं थे। इस पर प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद सात आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए थे, जबकि एक आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता ज्वालापुर के मोहल्ला चौहनान निवासी 40 वर्षीय चंगेज ‘द सक्सेज प्वॉइंट’ नामक व्हाट्सऐप ग्रुप से कोचिंग चला रहा था। उसने एक छात्रा के परिजनों से बोर्ड परीक्षा पास कराने के लिए रुपये लिए और दूसरी छात्रा की फोटो लगाकर फर्जी प्रवेश पत्र बनवाया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।