मसूरी, उत्तराखंड |
उत्तराखंड के मसूरी में बड़ा हादसा, झड़ीपानी के पास खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौत, मृतकों की सूची
मसूरी में भीषण सड़क हादसाः झड़ीपानी के पास 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 4 की मौत
पहाड़ों की रानी मसूरी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रथम दृष्टया तेज ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो जाने के कारण कार का अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरना बताया गया है। घटना के संबंध में कार सवार व्यक्तियों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
कोतवाली मसूरी से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 09:16 बजे थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि झड़ीपानी रोड चौकी बार्लोगंज मसूरी क्षेत्र में तीव्र ढलान में एक छोटी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई हैं। सूचना पर कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। मौके पर पुलिस द्वारा SDRF तथा फायर टीम के साथ मिलकर बचाव कार्य चलाया गया।
उत्तरकाशी से लौटने के बाद हुआ हादसा
स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ की एक मारुति सिलेरियो कार संख्या- DL5CS4610 रोड की ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने की वजह से तेजी से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी,उससे पूर्व उनके द्वारा नजदीक की दुकान पर कुछ सामान खरीदा गया था और बातचीत में उत्तरकाशी से आना बताया था।
500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
सामान लेकर जैसे ही कार सवार कार में बैठे तो कार ढलान की तरफ सड़क पर तेजी से जाने लगी और फिर खाली प्लाट से होते हुए गहरी खाई में गिर गई। एसडीआरएफ द्वारा दुर्गम एवं ढलानों के बीच राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया गया। पुलिस के अनुसार चारों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
दुर्गम और खड़ी ढलान के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं। SDRF की टीम ने खाई में उतरकर चारों शवों को बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
मृतकों की पहचान हो गई है
कोतवाली मसूरी से जारी सूची के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. सत्यप्रकाश – निवासी, सोनीपत, हरियाणा
2. मानित, 19 वर्ष निवासी, गाजियाबाद
3. सविता, 48 वर्ष पत्नी धर्मवीर, निवासी, गाजियाबाद
4. संगीता, 46 वर्ष पत्नी टीटू, निवासी, करोलबाग, दिल्ली
