टिहरी:
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित की गिरफ्तारी की मांग, लंबगांव में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
केतन हत्याकांड से जुड़े मामले में POCSO केस दर्ज, पुलिस पर गिरफ्तारी न करने का आरोप
टिहरी के लंबगांव में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। केतन हत्याकांड से जुड़े नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपित दिवाकर डिमरी की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने लंबगांव मुख्य सड़क जाम कर दी।
क्या है पूरा मामला:
लंबगांव थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले प्रेम प्रसंग के चलते 18 वर्षीय दलित युवक केतन लाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। जबकि दिवाकर घायल हुआ।
दुष्कर्म का आरोप:
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकरण में नाबालिग से दुष्कर्म को लेकर लंबगांव थाने में POCSO एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपित के रूप में दिवाकर डिमरी का नाम सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
ग्रामीणों में रोष:
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। पुलिस की निष्क्रियता से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। पूर्व चेतावनी के अनुसार आज सड़क जाम कर विरोध दर्ज किया गया। ग्रामीणों ने जल्द गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
आंदोलन के समर्थन में लंबगांव बाजार के व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। टैक्सी यूनियन ने भी अपनी सेवाएं रोक दीं, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार बंद और टैक्सी संचालन ठप रहने से क्षेत्र में जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।
