विकासनगर, देहरादून
विकासनगर में घर के अंदर चली गोली: एक की मौत, महिला गंभीर, तमंचा बरामद
कल्याणपुर में बुधवार सुबह सनसनी, पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाई, मृतक की शिनाख्त बाकी
देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर इलाके में बुधवार सुबह गोली चलने से सनसनी फैल गई. एक बंद घर से गोली की आवाज आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घर अंदर से बंद था. खिड़की की जाली तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई तो कमरे में एक पुरुष का शव मिला. वहीं एक महिला लहूलुहान हालत में मिली. घायल महिला को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
पुलिस का बयान
विकासनगर सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि सूचना करीब 10:15 बजे मिली थी. मौके से एक तमंचा बरामद हुआ है. महिला घर में किराए पर रहती थी. उसके पति को घटना की जानकारी दे दी गई है. मृतक पुरुष को गोली लगी थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.
जांच जारी
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं. सीओ के अनुसार गोली चलने की वजह, दोनों के आपसी संबंध और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगा. पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.
