टिहरी
सरस्वती विद्या मंदिर नई टिहरी में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का सफल आयोजन, 150 से अधिक युवाओं ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
युवा शक्ति को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माई भारत (MY Bharat) टिहरी गढ़वाल द्वारा शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर, नई टिहरी में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 150 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना जिला युवा अधिकारी आशीष पंत द्वारा की गई। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों एवं युवाओं को अभियान से जोड़ने के संबंध में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं की रचनात्मकता एवं प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए चित्रकला, काव्य पाठ, रील मेकिंग, समूह नृत्य, समूह गायन, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता सहित कुल आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने विभिन्न माध्यमों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल ने नशे के सामाजिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से कला, साहित्य, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बी.डी. कुनियाल, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शंकर लाल, एनएसएस अधिकारी पी.सी. उनियाल, माई भारत टिहरी गढ़वाल की टीम सहित शिक्षकगण एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर आठों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टिहरी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं एवं अतिथियों ने देश को नशा मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प एवं शपथ ली।
