
उत्तराखंड
अंकिता हत्याकांड के विरोध में पूरे पहाड़ में लोगों में उबाल है। लोगों ने जगह-जगह धरना, प्रदर्शन कर गुस्से का इजहार किया। साथ ही दोषियों को तत्काल फांसी की सजा देने की मांग की। वहीं, सुबह इस दौरान कांग्रेस, वामपंथी संगठन, छात्र संगठन के लोग मोर्चरी के आगे बदरीनाथ हाईवे पर धरने पर बैठ गए।

अधिक संख्या में लोग होने के कारण रास्ता जाम हो गया। जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहन फंस गए। ट्रैफिक कोटेशवर और कीर्तिनगर से डाइवर्ट कर दिया। लेकिन छात्रों ने यहां भी जाम लगा दिया। लोगों का कहना है कि अंकिता कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। अंकिता के भाई को भी नौकरी दी जाए। वहीं, श्रीनगर बाजार भी आज बंद रखा गया। अंकिता हत्याकांड पर महिलाएं भी मुखर हो रही हैं। उनका कहना है कि युवतियों को गलत काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इनकार करने पर हत्या की जा रही है। सभासद सविता भट्ट ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचारियों व अपराधियों को शह दे रही है।सरकार की शह पर प्रदेश में अपराध फलफूल रहा है। स्थिति यह है कि भाजपा जिन्हें सरकार में दायित्व दे रही है उनके बच्चे आम लोगों की बेटियों को अपनी हवस का शिकार बनाने पर तुले हैं। सभासद कविता जोगेला ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था बनाने में असफल है।

वहीं रुद्रप्रयाग में रविवार को अखिल भारतीय विद्याथी परिषद, एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस सहित अन्य कई छात्र संगठनों ने खांकरा में हाईवे जाम कर दिया। छात्र नेता संपन्न नेगी, नीरज कप्रवाण आदि का कहना था कि अब पहाड़ में भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। अंकिता हत्याकांड को लेकर लोगों में उबाल बना हुआ है। विभिन्न संगठनों के लोग सुबह बदरीनाथ हाईवे पर धरने पर बैठ गए। वहीं, बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने प्रदेश सरकार पर सवाल किए खड़े। उन्होंने कहा कि पौड़ी जिले से भाजपा विधायक गायब हैं। दो कैबिनेट मंत्री और स्पीकर हैं, लेकिन कोई भी लोगों से वार्ता करने नहीं पहुंचे।इस दौरान अंकिता के पिता भी धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से जाम खोलने की अपील की। लेकिन लोग जाम खोलने को तैयार नहीं है। वहीं, लोगो ने पुलिस पर परिजनों पर दबाव डालने का आरोप लगाया। उधर, रुद्रप्रयाग के खांकरा से भी लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया।