
उत्तरकाशी:
भूकंप के झटके से एक बार फिर कांपी धरती,लोगों में दहशत
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आज सुबह तकरीबन 9:29 पर फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। जबकि गुरुवार शाम लगभग 7:30 बजे भी उत्तरकाशी जिले में ही भूकंप के झटके महसूस हुए थे। 6 दिन के अंदर नौ बार धरती डोलने से लोग डरे-सहमे है। गनीमत रही कि किसी भी घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन बार-बार भूकंप के आने से लोगों में दहशत का माहौल है।
शुक्रवार सुबह आए भूकंप की तीव्रता 2.07 रही। किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। वहीं गुरुवार को जनपद मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में शाम 7:31 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया।
इससे लोग दहशत में आ गए हैं। जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार यह भूकंप रिक्टर स्केल पर 2.7 मापा गया है। तो वहीं इसका केंद्र तहसील बड़कोट के सरुताल झील, फुच-कंडी, यमुनोत्री रेंज वन क्षेत्र में था।
बता दें कि छह दिनों में जनपद मुख्यालय में भूकंप का यह नौवां झटका महसूस किया गया है। इससे पहले बीती 24 और 25 जनवरी को भी दो दिन के भीतर झटके महसूस किए गए है। इस दौरान वरुणावत पर्वत के भूस्खलन जोन से मलबा और पत्थर गिरे थे। यह झटके भी 3 और 2 रिक्टर स्केल पर मापे गए थे।