डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ दी पट्टी,नौ महीने बाद इंफेक्शन से हुई मौत

देहरादून

डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ दी पट्टी,नौ महीने बाद इंफेक्शन से हुई मौत

राजधानी देहरादून में एक नर्सिंग होम की बड़ी लापरवाही की खबर सामने आई है. नौ महीने पहले डिलीवरी के लिए हुए ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट में पट्टी छोड़ दी। इसके बाद महिला की कई बार तबीयत खराब हुई लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने कोई गौर नहीं किया। तीन दिन पहले महिला को ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया तो वहां सच्चाई सामने आई। अब फिर ऑपरेशन हुआ तो इंफेक्शन अधिक होने से उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, इस मामले में पीड़ित महिला के पति ने शिकायत दी है। दी गई जानकारी के मुताबिक, 26 साल क ज्योति पाल नामक महिला ने इस साल जनवरी महीने में देहरादून में एक प्राइवेट अस्पताल में सीजेरियन आपरेशन के जरिए बेटे को जन्म दिया था। आरोप लगा है कि डॉक्टरों ने इस दौरान उसके पेट में पट्टी छोड़ दी और ऊपर से टांके लगा दिए।

कैसे हुआ खुलासा?
डिलीवरी के कुछ ही दिनों बाद महिला के पेट में काफी दर्द होने लगा। ऐसे में महिला को उसी हॉस्पिटल में वापस ले जाया गया। हालांकि, यहां डॉक्टरों की ओर से कोई कारण नहीं बताया गया। हाल ही में उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई जिसके बाद महिला को एक अन्य हॉस्पिटल में ले जाया गया। यहां पता लगा कि उसके पेट में पट्टी है और पेट में गंभीर संक्रमण फैल गया है। इसके बाद इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

परिजन महिला के शव को जहां डिलीवरी हुई उस अस्पताल के सामने लाए और हंगामा शुरू कर दिया। मामले की प्राथमिक जांच के बाद सीएमओ ने मदर केयर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के साथ ही इसे सील करा दिया। अब तीन सदस्यीय समिति गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। इंस्पेक्टर डालनवाला मनोज मैनवाल ने बताया कि क्षेत्र के अस्पताल मदर केयर के सामने कुछ लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया।

Epostlive.com