देहरादून
सारा अली खान के केदारनाथ दर्शन पर BKTC का बयान: -जो आस्था रखे वो सनातनी
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने मंदिर परिसरों में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा चुकी है। अब एक सवाल पर मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा है कि यदि सारा अली खान जैसे गैर-हिंदू भी मंदिर में भगवान के दर्शन करना चाहते हैं तो उन्हें शपथ पत्र देना होगा।
बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी देने वाली बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मंगलवार को उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री सारा अली खान या अन्य कोई गैर हिंदुओं को भी मंदिरों में दर्शन कराए जा सकते हैं। सारा अली खान या कोई अन्य गैर हिंदू यदि सनातन के प्रति अपनी आस्था के बारे में हलफनामा देता है तो उसे मंदिरों में दर्शन कराए जाएंगे।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देहरादून में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म के प्रति आस्था रखने वाले सभी सनातनी हैं। यदि गैर-हिंदू भी सनातन के प्रति अपनी आस्था के बारे में हलफनामा देते हैं तो उन सबका बदरीनाथ और केदारनाथ में स्वागत है।
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि जिन गैर हिंदुओं की सनातन धर्म के प्रति आस्था होगी और जो गैर हिंदू लिखेगा कि मैं सनातनी हूं और मैं हिंदुत्व को मानता हूं, उन सबका स्वागत है।
केदारनाथ’ फिल्म की अभिनेत्री सारा अली खान के बारे में पूछे जाने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सारा अली खान यदि कहेंगी कि उनकी सनातन के प्रति आस्था है, भाव है और वह हलफनामा देंगी तो उन्हें दर्शन कराए जाएंगे। मंदिर समिति ने हलफनामे का फॉर्मेट बना लिया है।
गौरतलब है कि मंदिर समिति के बोर्ड की 10 मार्च को हुई बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों और गर्भगृहों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई थी।
बता दें कि इस साल चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व से हो रही है। इस दिन गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। इसके बाद बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल और केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं।
