उत्तराखंड में गर्मी के तेवर हुए तीखे, 40 पार हुआ पारा

उत्तराखंड

उत्तराखंड में गर्मी के तेवर हुए तीखे, 40 पार हुआ पारा

उत्तराखंड में सूरज के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। मैदानी इलाकों में तेज और चटख धूप के साथ गर्म हवाओं के चलने से लोग बेहाल हैं। अगले 4 दिनों तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप सहना पड़ सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए राज्य में 1 से 3 डिग्री तापमान बढ़ने की संभावना जताई है.18 मई से 22 मई तक कई जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. मैदानी जिलों, विशेषकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में 20 मई से 22 मई के बीच तापमान 40 डिग्री से अधिक रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है. उत्तराखंड में अगले चार दिन यानी 22 मई तक हीट वेव चलने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री के ऊपर जा सकता है. इसके अलावा उधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.

19 मई को टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत और चमोली में तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच रह सकता है.20 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है, जबकि देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में 35 से 40 डिग्री तापमान रह सकता है. टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत और पर्वतीय निचले इलाकों में 30 से 35 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है. 21 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से अधिक रह सकता है. वहीं देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री के बीच तापमान रहने की संभावना है. टिहरी, अल्मोड़ा और चंपावत में 30 से 35 डिग्री तापमान रह सकता है.

स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

सरकार ने विद्यालयों, निर्माण स्थलों और बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए विशेष एहतियाती उपाय करने को कहा है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

एडवाइजरी  जारी

अगले 4 दिनों के लिए जारी हीट वेव अलर्ट को देखते हुए उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला अधिकारियों को एडवाइजरी भी जारी की है. आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के सभी आपदा नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मौसम विभाग की तापमान वृद्धि संबंधी चेतावनी को सभी विभागों, तहसीलों और ब्लॉकों तक तुरंत पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है और सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों, खासकर ORS, IV फ्लूइड्स, बर्फ और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया है.