
इतिहास
अमेरिका की कॉर्नेल यूनिवर्सिटी के एक स्टूडेंट थे रॉबर्ट मॉरिस। मॉरिस कॉर्नेल आने से पहले हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हुए थे और पूरी यूनिवर्सिटी में उनकी पहचान टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट के तौर पर थी। उन्हें कम्प्यूटर ऑपरेटिंग सिस्टम यूनिक्स में महारत हासिल थी।कॉर्नेल आने के बाद मॉरिस एक ऐसे प्रोग्राम पर काम करने लगे जो एक कम्प्यूटर Worm की तरह इंटरनेट पर फैल सके। मॉरिस इसे एक एक्सपेरिमेंट के तौर पर करना चाह रहे थे। उन्होंने अपना प्रोग्राम बनाया और पकड़ में न आने के लिए MIT के एक कम्प्यूटर को हैक किया। इस कम्प्यूटर के जरिए 2 नवंबर 1988 को मॉरिस ने अपना ये प्रोग्राम रिलीज कर दिया।
ये एक कम्प्यूटर Worm था, जो बिना किसी सॉफ्टवेयर के खुद से ही अपनी फोटोकॉपी कर कम्प्यूटर में फैल सकता था। जैसे ही ये प्रोग्राम रिलीज हुआ इंटरनेट से जुड़े हुए कम्प्यूटर धीरे-धीरे काम करना बंद करने लगे। अमेरिकी एजेंसी FBI के पास एक के बाद एक लगातार कॉल्स आने लगे। अगले 24 घंटे में 6 हजार लोगों ने FBI के पास शिकायत की। NASA, हार्वर्ड, प्रिंसटन, जॉन हॉपकिन्स से लेकर अमेरिकी मिलिट्री के कम्प्यूटर्स ने भी काम करना बंद कर दिया।
जब मॉरिस ने देखा कि उनका प्रोग्राम तबाही मचा रहा है, तो उन्होंने अपने एक दोस्त को कॉल कर बताया कि ये प्रोग्राम उन्होंने ही बनाया है। मॉरिस के दोस्त ने अनजान बन न्यूयॉर्क टाइम्स के एक रिपोर्टर को कॉल कर बताया कि इस प्रोग्राम के पीछे RTM नाम का एक शख्स जिम्मेदार है। RTM यानी रॉबर्ट टप्पन मॉरिस, मॉरिज का पूरा नाम। साथ ही ये भी बताया कि पूरा प्रोग्राम एक एक्सपेरिमेंट के तौर पर लॉन्च किया गया था और इसका मकसद किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था।
FBI ने मॉरिस को गिरफ्तार कर लिया और ट्रायल में वे दोषी पाए गए। हालांकि, उन्हें जेल नहीं भेजा गया, लेकिन उन पर फाइन लगाया गया और कहा गया कि वे 400 घंटे समाज सेवा करें।
2000: मणिपुर में आयरन लेडी का अनशन शुरू
2 नवंबर 2000 को इरोम चानु शर्मिला ने पैरामिलिट्री सैनिकों के हाथों मणिपुर के 10 लोगों की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। आर्म्ड फोर्सेस स्पेशल पॉवर एक्ट (AFSPA) को रद्द करने की मांग के साथ शर्मिला ने 26 जुलाई 2016 को अपना अनशन खत्म किया। तब तक उनके नाम दो रिकॉर्ड दर्ज हो चुके थे। पहला, सबसे लंबी भूख हड़ताल का और दूसरा, सबसे ज्यादा बार जेल से रिहा होने का।
2 नवंबर के दिन को इतिहास में और किन-किन महत्वपूर्ण घटनाओं की वजह से याद किया जाता है…
2008ः केन्द्र सरकार ने रिटायरमेंट के बाद पेंशन फंड से धन निकालने की सुविधा समाप्त की।
2007ः इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर खराब सोलर पंखों को ठीक करने के बाद डिस्कवरी के यात्री धरती पर सुरक्षित लौटे।
1999ः पाकिस्तान के इस्लामाबाद में संयुक्त राष्ट्र संघ और अमेरिकी केन्द्रों पर अज्ञात लोगों ने रॉकेट से हमला किया।
1984ः अमेरिका में 1962 के बाद पहली बार एक महिला वेल्मा बारफिल्ड को फांसी की सजा दी गई।
1950ः जॉर्ज बर्नार्ड शॉ का 97 साल की उम्र में निधन।
1914ः रूस ने तुर्की के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1835ः अमेरिका के मूल निवासियों के विभिन्न गुटों में फ्लोरिडा के ओसिओला में दूसरा सेमीनोले युद्ध शुरू हुआ। इसे फ्लोरिडा युद्ध भी कहते हैं।
1774: ब्रिटिश इंडिया के कमांडर-इन-चीफ रॉबर्ट क्लाइव ने इंग्लैंड में आत्महत्या की।
1534: सिखों के चौथे गुरु रामदास का जन्म।