आज का इतिहास:1972 में बंगाल टाइगर बना भारत का राष्ट्रीय पशु,मिकी माउस का जन्मदिन आज

इतिहास
आज मिकी माउस का जन्मदिन; चूहे की उछलकूद देख वॉल्ट डिज्नी को आया था मिकी माउस बनाने का आइडिया

आज ही के दिन 1972 में ‘इंडियन बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ’ ने रॉयल बंगाल टाइगर को भारत के राष्ट्रीय पशु के तौर पर स्वीकार किया। यह भारत में पाई जाने वाली बाघ की आठ प्रजातियों में से एक है। रॉयल बंगाल टाइगर अन्य बाघों के मुकाबले फुर्तीला और ताकतवर है। देश में बाघों की संख्या में कमी आने पर 1972 में प्रोजेक्ट टाइगर शुरू हुआ। असर भी दिखा और बाघों की संख्या बढ़ती गई। इससे पहले 1948 में गुजरात नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी ने गिर में पाए जाने वाले एशियाटिक लॉयन को नेशनल एनिमल घोषित करने का प्रस्ताव दिया था। भारत में बाघ 16 राज्यों में मिलते हैं। 29 जुलाई को इंटरनेशनल टाइगर डे मनाया जाता है।

वॉल्ट डिज्नी को पहचान दिलाने वाले मिकी माउस का आज जन्मदिन है।

हालांकि, यह डिज्नी का पहला कार्टून कैरेक्टर नहीं था। उन्होंने ओसवॉल्टः द लकी रैबिट बनाया था। 1927 में पहली बार डिज्नी ने एनिमेटेड फिल्मों की सीरीज पर काम शुरू किया। पहली फिल्म में ओसवॉल्ट ही कैरेक्टर था। बड़े कान वाले खरगोश को खूब पसंद किया गया। यूनिवर्सल पिक्चर्स ने तो इसके कानूनी अधिकार ही खरीद लिए थे। यूनिवर्सल पिक्चर्स ने साथ में काम करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन पैसे कम थे इसलिए डिज्नी ने इनकार कर दिया। तब यूनिवर्सल ने डिज्नी ब्रदर्स स्टूडियो के एनिमेटर्स को अपनी कंपनी में काम दे दिया।
डिज्नी के पास अपना कोई कैरेक्टर नहीं था। एक दिन जब वॉल्ट डिज्नी अपनी डेस्क पर बैठे थे तो उन्हें एक चूहा नजर आया। उसकी उछलकूद उन्हें खूब मजेदार लगी और तब डिज्नी ने चूहे का पोर्ट्रेट बनाया। पेट मोटा कर दिया और कान छोटे। हाथों में ग्लव्स, पैरों में जूते और कपड़े भी पहना दिए। नाम रखा- मोर्टिमर। डिज्नी की पत्नी को यह नाम पसंद नहीं आया और उन्होंने उसका नाम रखा मिकी। डिज्नी को अब ओसवॉल्ट को टक्कर देने के लिए कार्टून कैरेक्टर मिल गया था।
डिज्नी ने 1928 में मिकी माउस के साथ शॉर्ट फिल्म ‘प्लेन क्रेजी’ और ‘द गैलोपिन गैचो’ बनाई। इस फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसी साल स्टीमबोट विली फिल्म आई, जिसमें सिंक्रोनाइज्ड म्यूजिक इफेक्ट डाला था। साल के अंत तक मिकी फेमस हो गया था। मिकी की लोकप्रियता बढ़ती देख 1929 में ‘द कार्निवल किड नाम’ की फिल्म बनाई। मिकी को पहली बार आवाज मिली। इसमें मिकी ने दो ही शब्द बोले थे- हॉट डॉग्स। यह आवाज भी डिज्नी ने ही मिकी को दी थी।

Epostlive.com