घनसाली विजय संकल्प रैली बनी शक्ति प्रदर्शन रैली।

भाजपा में टिकट के तीन दावेदारों ने दिखाया अपना अपना दम।

टिहरी (घनसाली) – मंगलवार को घनसाली में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विजय संकल्प रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय जनता ने 2022 में भाजपा को भारी मतों से विजय बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

विजय संकल्प रैली में घनसाली विधानसभा सीट से टिकट चाहने वाले दावेदारों के समर्थकों ने अपने अपने दावेदारों के लिए जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजसेवी दर्शनलाल आर्य, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोहन खँडेलवाल, विधायक शक्तिलाल के समर्थकों ने भाजपा की विजय संकल्प रैली को 3 गुटों के शक्ति प्रदर्शन के रूप में बदलकर पार्टी आलाकमान को घनसाली का संकल्प दिखा दिया।

तीनों दावेदारों के समर्थकों ने अपने-अपने चहेते नेताओं के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। भाजपा में नए चेहरे और भाजपा प्रदेश कार्यकारणी के अनु. मोर्चा के सदस्य दर्शनलाल आर्य के समर्थन में बडी संख्या में समर्थक उनके नामों की तख्ती लेकर पार्टी के लिए 60 पार का संकल्प कराने आये नेताओं को जमीनी ताक़त दिखाते नजर आये। वहीं दूसरी ओर सोहन लाल खंडेलवाल के समर्थक भी भारी संख्या में नारेबाजी करते नजर आए।

हालांकि समर्थकों की नारेबाजी से गरमाई विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए टिहरी की सांसद माला राजलक्ष्मी शाह ने घनसाली की गुटबाजी पर नाराजगी व्यक्त की। सांसद ने कहा कि प्रत्याशियों की इस जोर आजमाइश और नारेबाजी से टिकिट नहीं मिलता।टिकट जिसके भाग्य में होगा, उसे ही मिलेगा। सांसद ने सभी कार्यकर्ताओं से कमल के फूल और भाजपा पर आस्था रखने की बात कही।सांसद ने आह्वान किया कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी सभी को एकजुटता से उसे विजय बनाने का संकल्प लेना होगा। इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा ने अपने सम्बोधन में केंद्र की अनेक योजनाएं गिनाई और कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा को विधानसभा चुनाव में 60 के पार पहुंचाने का आह्वान किया।

विजय संकल्प रैली में पूर्व मंत्री, भाजपा चुनाव समिति के संयोजक सांसद अजय टम्टा, टिहरी की सांसद श्रीमती माला राजलक्ष्मी शाह, राज्यमंत्री अब्बल सिंह बिष्ट, भारतीय जनता पार्टी टिहरी जनपद के पूर्व अध्यक्ष विनोद सुयाल, जनपद के भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष विनोद रतूड़ी, घनसाली के विधायक शक्तिलाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोना सजवाण, ब्लॉक प्रमुख वासुमति घनाता, युवा मोर्चा अध्यक्ष परमबीर पंवार , अनु. मोर्चा अध्यक्ष ओम प्रकाश भुजवान, व्यापार मंडल अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र डंगवाल, प्रताप सजवाण, सहित बड़ी सँख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Epostlive.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *