
दुनियाभर में बिखरे गढ़वाल के मानवीय इतिहास को सहेजने के लिए पुराना दरबार ट्रस्ट तैयारियों में जुट गया है। दरअसल, लंदन और फ्रांस के संग्रहालय में गढ़वाल के सांस्कृतिक इतिहास और सभ्यता से संबंधित दस्तावेज संरक्षित हैं। ऐसे में पुराना दरबार ट्रस्ट डिजिटाइजेशन रूप में इनको लाने की कवायद कर रहा है।
ट्रस्ट ने गढ़वाल के इतिहास की दर्जनों पांडुलिपियां अपने पास सहेजी हुई है। अब ट्रस्ट लंदन स्थित ब्रिटिश संग्रहालय और फ्रांस के म्यूजियम में संरक्षित गढ़वाल के इतिहास को डिजिटाइजेशन के रूप में भारत लाने की तैयारी कर रहा है। ट्रस्ट के ठाकुर भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि लंदन और फ्रांस के म्यूजियम में गढ़वाल का सांस्कृतिक और सभ्यता के इतिहास के दस्तावेज संरक्षित हैं। उनको डिजिटाइजेशन के रूप में मंगाकर अतीत काल के ज्ञान से भावी पीढ़ी को अवगत कराया जा सकता है।