
विश्वास का त्यौहार करवाचौथ-
करवा चौथ आज: अखंड सौभाग्य की कामना के साथ सुहागिन रखेंगी निर्जला व्रत।
सुहाग की सलामती और परिवार की खुशहाली की मंगल कामना को लेकर आज 24 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शनिवार को बाजार में काफी चहल-पहल देखने को मिली। महिलाओं ने उत्साह से पूजन सामग्री खरीदी।करवा करवा चौथ के दिन महिलाएं इस दिन अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और शाम को चंद्रमा दर्शन के उपरांत ही अपना व्रत तोड़ती हैं।
पूजा का शुभ मुहूर्त
इस दिन चंद्रोदय का समय 8.11 बजे है। पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 6.55 बजे से 8.51 बजे तक रहेगा।
उत्तराखंड-
आपदा पीड़ितों से मिलने चंपावत पहुंचे सीएम धामी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चंपावत, धारचूला, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों का हाल जाना और उनका दुखदर्द बांटा। इस दौरान सीएम ने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। चंपावत जिले के तेलवाड़ा में 19 अक्तूबर को आई आपदा में मारे गए लोगों के परिजनों को ढाढ़स बंधाया। सीएम ने सभी अफसरों को आपदा में मारे गए लोगों के परिजनों को हर तरह की राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आपदा पीड़ितों को इलाज और अन्य जरूरी सुविधाएं देने की हिदायत भी दी। सीएम ने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सतर्कता बढ़ने से जनहानि कम हुई।
आपदा से हुए नुकसान का जायज़ा लेने के लिए केंद्रीय टीम भी ग्राउंड जीरो पहुंची है। 2 दिवसीय भ्रमण पर पहुंची इंटर मिनिस्ट्रियल सेंट्रल टीम ने पिथौरागढ़ पहुंच कर क्षति का जायज़ा लिया।
T 20 विश्व कप-
विश्व कप का सबसे रोमांचक मुकाबला आज। पांच साल बाद भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान।

टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत और पाकिस्तान की बीच 24 अक्टूबर को टक्कर होगी। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार हैं। दोनों टीमें साल 2019 वनडे विश्व कप के बाद एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण एक दशक से कोई द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं हुई है। भारत और पाकिस्तान का सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट में आमना-सामना होता है। ऐसे में जब भी दोनों टीमों की भिड़ंत होती है तो रोमांच चरम पर होता है।
विश्व कप में आंकड़ों का तराजू भारत के पक्ष में झुका है। टी20 विश्व कप में 29 साल से पाकिस्तान भारत के दबदबे का तिलिस्म नहीं तोड़ पाया है। टी20 विश्व कप ही नहीं वनडे विश्व कप में भी भारत के खिलाफ पाकिस्तान टीम की मजबूती की कलई खुलती रही है। टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के खाते में पांच जीत दर्ज हैं।इस बार मौका जीत का सिक्सर लगाने का है।
2. भारतीय फुटबॉल टीम रविवार को यहां एएफसी अंडर-23 एशियाई कप के क्वालिफाइंग अभियान के शुरुआती मुकाबले में मजबूत ओमान के सामने होगी।
आजादी का अमृत महोत्सव-
नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जन्मस्थली में सहेजी गई विरासत।


नेताजी ने आजादी की लड़ाई को नए आयाम पर पहुंचाया और विदेशी सरजमीं पर दुनिया की दूसरी ताकतों के साथ मिलकर अंग्रेजों को चुनौती दी। नवंबर 1943 में नेताजी ने आजाद हिंद की औपनिवेशिक सरकार के लिए राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान तय करने के लिए एक उपसमिति का गठन किया। इस समिति ने तय किया कि बिना चक्र के तिरंगा ही राष्ट्रीय ध्वज के तौर पर मान्य होगा। एक मुस्लिम युवा हुसैन की लिखी पंक्तियों को राष्ट्रगान का दर्जा दिया गया। पंक्तियों से नेताजी इतने प्रसन्न हुए कि उन्होंने हुसैन को दस हजार डॉलर इनाम दिया।आजाद हिंद फौज की महिला रेजिमेंट के तौर पर झांसी की रानी रेजिमेंट का गठन किया गया था। यह दुनिया की पहली महिला रेजिमेंट थी।
जम्मू-कश्मीर-
गृहमंत्री अमित शाह की रैली आज, पाकिस्तान को भी देंगे कड़ी चेतावनी।

अनुच्छेद 370 हटने के दो साल बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जम्मू-कश्मीर दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से 10 किलोमीटर दूर जम्मू में रविवार को शाह की रैली से कई संदेश देने की तैयारी है। नए जम्मू-कश्मीर की तस्वीर पेश करने के साथ अमित शाह देश-दुनिया को 370 का सच भी बताएंगे। जम्मू-कश्मीर के विकास और शांति में बाधा उत्पन्न करने के लिए पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर पड़ोसी मुल्क को कड़ा संदेश देंगे। विशेष दर्जे की समाप्ति पर हो हल्ला मचा रहे विपक्षी दलों पर भी वह निशाना साध सकते हैं।
विदेश-
एनएसए स्तर वार्ता : अफगानिस्तान से सीमा साझा करने वाले देशों के साथ होने वाली बैठक में शामिल हो सकता है पाकिस्तान।
अफगानिस्तान के हालात पर अफगानिस्तान से सीमा साझा करने वाले देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (एनएसए) की बैठक में पाकिस्तान भी शामिल हो सकता है। भारत के एनएसए अजित डोभाल की तरफ से बुलाई गई यह बैठक 10-11 नवंबर को नई दिल्ली में होनी है। इसमें रूस, ईरान, चीन, ताजिकिस्तान व उज्बेकिस्तान के साथ ही पाकिस्तान को भी आमंत्रित किया गया है।
आज का इतिहास-
1984 : भारत की पहली मेट्रो रेल सेवा की शुरूआत। पहली मेट्रो कलकत्ता (कोलकाता) में चलाई गई और बाद में यह राजधानी दिल्ली सहित देश के अन्य शहरों में परिवहन के एक प्रमुख साधन के तौर पर सामने आई।

2. द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया के बहुत से देशों ने शांति और सद्भावना कायम करने के लिए एक संगठन की स्थापना का विचार रखा और इस दिशा में समन्वित प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र की स्थापना का विचार मूर्त रूप ले पाया। संयुक्त राष्ट्र घोषणा पत्र तैयार किया गया और इसे 24 अक्टूबर 1945 को लागू किया गया। इस तरह 24 अक्टूबर को प्रतिवर्ष ‘संयुक्त राष्ट्र दिवस’के रूप में मनाया जाता है।
आज का मूल मंत्र-
